जेल में बंद कुख्यात बदमाश संतोष झा के कत्ल की आशंका, अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ी - Magaine New Theme

Breaking

Tuesday, 4 July 2017

जेल में बंद कुख्यात बदमाश संतोष झा के कत्ल की आशंका, अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ी

पटना, सनाउल हक़ चंचल-

दरभंगा जेल में बंद शातिर संतोष झा की हत्या की आशंका है। रंगदारी व हत्या के मामले के अपराधी संतोष व मुकेश पाठक इन दिनों दरभंगा मंडलकारा के सेल में बंद हैं। इन दोनों में हाल तक गहरी दोस्ती थी जो अब जानी दुश्मनी में बदल गई है। यही वजह है कि मुकेश के गुर्गे संतोष की जान के पीछे पड़ गए हैं। पुलिस महकमा को इसकी भनक है। जेल प्रशासन भी सतर्क है। दोनों ओर से हर स्तर पर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।

इंजीनियर हत्याकांड के बाद आया था नाम....

मुकेश व संतोष पर कई जिलों में आपराधिक गिरोह संचालित करने की प्राथमिकी दर्ज है। दोहरे इंजीनियर हत्याकांड से एक बार फिर सुर्खियों में दोनों आए। अधिकारिक सूत्र बताते हैं कि सीतामढ़ी के कुख्यात संतोष झा के गिरोह में फूट पड़ गई है। वर्चस्व की लड़ाई में संतोष की हत्या की साजिश रची जा रही है। कुछ माह पूर्व मुकेश के सहयोगियों ने संतोष झा के बहनोई संजय लाल देव पर हमला किया था। इसके बाद से ही संतोष के नजदीकी व उसी के गिरोह के शातिर मुकेश पाठक पर पुलिस की पैनी नजर है। उसकी गतिविधियों व  अन्य हरकतों  पर सुरक्षाकर्मी हर पल नजर रख रहे हैं। संतोष व मुकेश सहित उसके गिरोह के अन्य शातिर सदस्य भी स्थानीय मंडलकारा के सेल में ही हैं।

सजा को लेकर फैसला भी इसी माह

दोहरे इंजीनियर हत्याकांड को लेकर स्पीडी ट्रायल के तहत रोज गवाही चल रही है। इसी माह सजा पर फैसला भी आ जाएगा। इसको लेकर सरकारी वकील की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बीते दो शनिवार दोनों अपराधियों व पुलिस प्रशासन के लिए काफी दिक्कत भरा रहा है। पिछले शनिवार को मुकेश ने बीमारी का बहाना बनाया। संतोष को अकेला रहना पड़ा। एक दिन पहले शनिवार को भी ऐसा ही हुआ। कई पुलिस अधिकारी कोर्ट व कोर्ट के बाहर तो तैनात थे, लेकिन अफरातफरी की स्थिति में कैदी वैन से एक दारोगा जख्मी हो गया।  प्रशासन को इस पर भी पूरा ध्यान है।

जेल की सुरक्षा में हो चुकी है चूक

इस गिरोह को यहां रखने के लिए ही दरभंगा मंडलकारा में गत वर्ष सेल का निर्माण हुआ था, लेकिन यहां भी उनकी दादागीरी चलती रही है। सेल में मोबाइल फोन समेत सुरक्षा में चूक को लेकर जेल अधीक्षक पर कार्रवाई भी हो चुकी है। सूत्र बताते हैं कि इन दिनों किसी बात को लेकर संतोष व मुकेश में आपसी रंजिश काफी बढ़ गई है जो हत्या का रूप ले सकती है। स्थानीय पुलिस प्रशासन व मंडलकारा की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा बरतते हुए दोनों को एक ही हथकड़ी में पेशी के लिए लाया जा रहा है। जेल में भी सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। जेल में किसी प्रकार की कोई घटना नहीं हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जेल अधीक्षक का दावा: जेल की सुरक्षा का इंतजाम पुख्ता है

जेल अधीक्षक ललन कुमार सिन्हा ने कहा कि जेल की सुरक्षा कड़ी है। उन्होंने मुकेश व संतोष झा के बीच बढ़ी संघर्ष की आशंका पर कहा कि सुरक्षा कड़ी है। कैदियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

बीएमपी की एक कंपनी लगी है जेल की सुरक्षा में : एसएसपी

एसएसपी सत्यवीर सिंह ने सुरक्षा के मद्देनजर कहा कि जेल की सुरक्षा को लेकर एक कंपनी बीएमपी को लगाया गया है। जेल के अलावा कोर्ट परिसर की भी सुरक्षा कड़ी है। हर पहलुओं पर पुलिस सख्ती से नजर रखे हुए है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here